सत्यापित जमीनी रिपोर्टिंग, आर्थिक सुधार एवं स्वतंत्र राष्ट्रीय समाचारों को सहजता से पढ़ें।
मानसून की दूसरी बारिश ने झुंझुनूं पानी से तर कर दिया। दोपहर बाद मौसम ने अचानक करवट बदली। करीब एक घण्टे की तेज बरसात ने शहर पानी ही पानी कर दिया। पिछले कुछ दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी और उमस से परेशान लोगों को इस बदले मौसम ने बड़ी राहत दी है। गुरुवार दोपहर करीब 3:30 बजे आसमान में अचानक काले बादल छा गए। शुरुआत में हल्की बूंदाबांदी शुरू हुई, लेकिन देखते ही देखते मौसम ने तेज बारिश शुरू हुई। अगले कुछ ही मिनटों में तेज आंधी जैसी हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश का दौर शुरू हो गया। लगभग एक घंटे तक लगातार पानी ऐसा बरसा मानो आसमान से आंधी चल रही हो। गर्मी से मिली राहत, किसानों के खिले चेहरे इस अचानक हुई तेज बारिश से पिछले कई दिनों से उमस झेल रहे शहरवासियों को बड़ी राहत मिली है। तापमान में गिरावट आने से मौसम सुहावना हो गया है। वहीं, ग्रामीण इलाकों और खेतों में इस पानी के बरसने से किसानों के चेहरे खिल उठे हैं। किसानों का मानना है कि यह बारिश आगामी फसलों के लिए संजीवनी का काम करेगी। शहर के मुख्य चौराहों पर भरा पानी, जलभराव का डर फिर सताया एक तरफ जहां इस बारिश ने मौसम को खुशनुमा बना दिया, वहीं दूसरी तरफ शहर की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया। करीब एक घंटे की तेज बरसात के बाद पूरा शहर पानी-पानी हो गया। शहर के प्रमुख चौराहों और निचले इलाकों में घुटनों तक पानी भर गया, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। फिलहाल, बारिश थमने के बाद भी सड़कों पर पानी जमा है और लोग नगर परिषद के दावों की पोल खुलती देख प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जता रहे हैं।